कार्यक्रम

भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का अक्षय भंडार है श्रीमद्भागवत महापुराण : भागवताचार्य सुरेश चंद्र शास्त्री

 

(डॉ. गोपाल चतुर्वेदी)

वृन्दावन। छटीकरा रोड़-वैष्णो देवी मन्दिर के सामने स्थित श्रीगोपीनाथ धाम में सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव अत्यंत श्रद्धा एवं धूमधाम के साथ प्रारम्भ हो गया है। महोत्सव का शुभारंभ प्रातः काल गाजे-बाजे के मध्य निकाली गई श्रीमद्भागवतजी की भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ।जिसमें पीत वस्त्र पहने महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर साथ चल रही थीं।तत्पश्चात यजमान परिवार द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य श्रीमद्भागवत ग्रंथ एवं व्यासपीठ का पूजन-अर्चन किया गया।साथ ही आरती की गई।
व्यास पीठ से प्रख्यात भागवताचार्य सुरेश चंद्र शास्त्री महाराज ने अपनी सुमधुर वाणी के द्वारा देश के विभिन्न प्रांतों से आए सैकड़ों भक्तों-श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत के महात्म्य की कथा श्रवण कराते हुए कहा कि देवर्षि नारद मुनि की प्रेरणा से भगवान विष्णु के अवतार महर्षि वेदव्यासजी ने 18वें पुराण के रूप में श्रीमद्भागवत की रचना की थी। जिसमें 18 हजार श्लोक, 335 अध्याय व 12 स्कंध हैं।
उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत महापुराण के महात्म्य में
भक्ति, ज्ञान तथा वैराग्य की महानता को दर्शाया है। भगवान विष्णु की समस्त लीलाओं और अवतारों की कथाओं का ज्ञान कराने वाला यह ग्रंथ सकाम कर्म, निष्काम कर्म, ज्ञान साधना, सिद्धि साधना, भक्ति, अनुग्रह, मर्यादा, द्वैत-अद्वैत, निर्गुण-सगुण का ज्ञान प्रदान करता है। वस्तुत: श्रीमद्भागवत महापुराण भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का अक्षय भंडार है। इसीलिए इस ग्रंथ के श्रवण करने से मनुष्य के समस्त पापों का क्षय हो जाता है और भगवान की भक्ति सहज में ही प्राप्त होती है।
महोत्सव में प्रमुख समाजसेवी नन्द किशोर व्यास, ब्रजभूमि कल्याण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पण्डित बिहारीलाल वशिष्ठ, प्रख्यात साहित्यकार एवं अध्यात्मविद् डॉ. गोपाल चतुर्वेदी, नवीन कृष्ण शास्त्री, डॉ. राधाकांत शर्मा आदि के अलावा विभिन्न क्षेत्रों के तमाम गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Live News

Advertisments

Advertisements

Advertisments

Our Visitors

0146456
This Month : 5245
This Year : 83749

Follow Me