(डॉ. गोपाल चतुर्वेदी)
मथुरा।राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित जयगुरुदेव आश्रम में चल रहा पंच दिवसीय वार्षिक भण्डारा सत्संग मेला अत्यंत श्रद्धा एवं धूमधाम के साथ संपन्न हुआ।जिसके अंतर्गत अनेक निःशुल्क दहेज रहित सामूहिक विवाह, मद्य निषेध, धूम्रपान निषेध व शाकाहार आदि के संबंध में संगोष्ठी आदि के कार्यक्रम भी सम्पन्न हुए।जिसमें देश-विदेश के असंख्य भक्तों-श्रद्धालुओं, धर्माचार्यों, अधिकारियों,व्यापारियों एवं समाजसेवियों आदि ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया।
बाबा जयगुरुदेव आश्रम के अध्यक्ष पंकज महाराज ने “नाम दान” देते हुए कहा कि शाकाहार आज हमारे देश व समाज की अत्यधिक आवश्यकता है।साथ ही उन्होंने मद्यपान व धूम्रपान का विरोध करते हुए सभी से इसे त्यागने पर बल दिया।उन्होंने बाबा जयगुरुदेव महाराज द्वारा सन् 1970 के दशक की भविष्यवाणियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि वे अब सब धीरे-धीरे सत्य सिद्ध हो रही हैं।
जय गुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था के राष्ट्रीय उपदेशक व जयगुरुदेव आश्रम के प्रवक्ता बाबूराम यादव ने कहा कि हम लोग अत्यंत सौभाग्यशाली हैं, जो हमें मनुष्य का शरीर प्राप्त हुआ है।यह मनुष्य शरीर जीव को 84 लाख योनियों में भटकने के बाद ही प्राप्त होता है।इसीलिए हमें अपने जीवन में सद्कार्य करने चाहिए।तभी हमारा कल्याण हो सकता है।
राष्ट्रीय उपदेशक सतीश चन्द्र ने कहा कि सतयुग, त्रेता और द्वापर यह तीनों युग “ब्रह्म निरंजन” के आधीन हैं।इनमें उनकी शक्तियां अवतरित होती हैं।हमारे सदगुरुदेव बाबा जयगुरुदेव महाराज ने कलयुग में कलयुग के जाने और कलयुग में सतयुग के आने की भविष्यवाणी की थी।
बाबा जयगुरुदेव आश्रम के अध्यक्ष पंकज महाराज ने जयगुरुदेव नाम योग साधना मंदिर में पूजन-अर्चन कर भक्त-श्रद्धालुओं के लिए कल्याणकारी प्रसाद तैयार किया।जिसे असंख्य भक्तों-श्रद्धालुओं में वितरित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत ब्रज सेवा संस्थान, वृन्दावन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. गोपाल चतुर्वेदी ने जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था व जयगुरुदेव आश्रम के अध्यक्ष पंकज महाराज का उनके द्वारा धर्म व अध्यात्म एवं समाजसेवा के क्षेत्र के किए गए विभिन्न सेवा कार्यों के लिए अंग वस्त्र, सत्साहित्य, ठाकुरजी का पटुका-प्रसादी-माला आदि भेंट कर उनका सम्मान किया।
जयगुरुदेव आश्रम के व्यवस्थापक संतराम चौधरी ने बताया कि जयगुरुदेव आश्रम, मथुरा में 08 से 12 जुलाई 2025 पर्यन्त वृहद गुरु पूर्णिमा महोत्सव आयोजित किया जाएगा।जिसमें देश-विदेश के असंख्य भक्तों-श्रद्धालु भाग लेंगे।
इस अवसर पर विनय कुमार सिंह (मंत्री), अवधेश मणि त्रिपाठी (उपाध्यक्ष), कार्यालय अधीक्षक सुभाष चंद्र, राम शरण गुप्ता, मंशा राम, शिवराज सिंह, डीडी शुक्ला, “दूरदर्शी आवाज” के प्रबंध संपादक बाबूराम यादव, डॉ. राधाकांत शर्मा, सत्यप्रकाश आदि के अलावा विभिन्न क्षेत्रों के तमाम गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Add Comment