कार्यक्रम

श्रीकृष्णोपासना का प्रमुख केंद्र है ब्रज मण्डल : महंत सनत कुमार शरण महाराज

 

(डॉ. गोपाल चतुर्वेदी)

वृन्दावन।रमणरेती/परिक्रमा मार्ग क्षेत्र स्थित श्रीनिंबार्क सेवा सदन में ठाकुरश्री राधासर्वेश्वर भगवान का द्विदिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव अत्यन्त श्रद्धा एवं धूमधाम के साथ प्रारंभ हो गया है।जिसके अंतर्गत वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य ठाकुर विग्रहों का पञ्चामृत से अभिषेक किया गया।साथ ही उनकी भव्य महाआरती की गई।इसके अलावा उन्हें छप्पन भोग निवेदित किए गए।इससे पूर्व सरस भजन संध्या का आयोजन संपन्न हुआ।जिसमें प्रख्यात भजन गायकों ने भगवान श्रीकृष्ण की महिमा से ओतप्रोत भजनों एवं जन्म की बधाइयों का संगीत की मृदुल स्वर लहरियों के मध्य गायन किया।जिस पर देश-विदेश से आए भक्तों-श्रद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया।
इस अवसर सभी भक्तों-श्रद्धालुओं को अपने आशीर्वचन देते हुए श्रीनिंबार्क सेवा सदन के महंत सनत कुमार शरण महाराज ने कहा कि चौरासी कोस में फैला ब्रज मंडल श्रीकृष्णोपासना का प्रमुख केंद्र है।यहां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अन्य स्थानों की अपेक्षा अत्यंत श्रद्धा व धूमधाम के साथ मनाया जाता है।ब्रज में इस पर्व की धूम अद्भुत व अनूठी होती है। जो कि श्रीकृष्ण की छठी पुजने तक निरन्तर जारी रहती है। इस दौरान यहां के प्रायः सभी मंदिरों में विशेष मनोरथों के आयोजन होते हैं। साथ ही यहां कृष्ण भक्ति का रस सर्वत्र बरसता है।जिससे यहां के सभी देवालय कृष्णमय हो जाते हैं। ब्रज में इस पर्व पर जो वात्सल्यमय वातावरण दिखाई देता है, उसकी अन्यत्र कल्पना भी नहीं की जा सकती है।
महोत्सव में श्रीमज्जगदगुरू पीपाद्वाराचार्य बाबा बलराम दास देवाचार्य महाराज, महंत वृन्दावन दास महाराज, ब्रज सेवा संस्थान के अध्यक्ष डॉ. गोपाल चतुर्वेदी, कलाधारी बगीची आश्रम के महंत जयराम दास महाराज, युवा साहित्यकार डॉ. राधाकांत शर्मा आदि के अलावा विभिन्न क्षेत्रों के तमाम गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
महंत सनत कुमार शरण महाराज ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत 28 अगस्त को प्रातः 10 बजे नंदोत्सव आयोजित किया जाएगा।तत्पश्चात मध्याह्न 12 बजे से महंतों का सम्मान एवं संत, ब्रजवासी वैष्णव सेवा (वृहद भंडारा) आदि के आयोजन सम्पन्न होंगे।

Live News

Advertisments

Advertisements

Advertisments

Our Visitors

0107403
This Month : 2724
This Year : 44696

Follow Me