वृन्दावन।लोई बाजार क्षेत्र स्थित डाकघर के कंप्यूटर में कई-कई दिनों तक कनैक्टिविटी एवं बिजली न आने से क्षेत्रीय जनता को अत्यधिक असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।बिजली न होने व कंप्यूटर न चलने के कारण नगर वासियों को बगैर उनका काम हुए डाकघर से आए दिन वापिस होना पड़ता है।जबकि यह डाकघर नगर के अति व्यस्त क्षेत्र में होने के कारण इससे संबंधित ग्राहकों की संख्या बहुत ज्यादा है।इस कारण क्षेत्रीय जनता को अपना कार्य कराने हेतु नगर में दूर-दराज स्थित अन्य डाकघरों में जाना पड़ता है।
ब्रज सेवा संस्थान के अध्यक्ष डॉ. गोपाल चतुर्वेदी ने कहा है कि लोई बाजार डाकघर के पोस्ट मास्टर संतोष सारस्वत अत्यंत वरिष्ठ व सुलझे हुए व्यक्ति हैं।इस डाकघर में उनकी नियुक्ति पिछले महीने इस डाकघर की अव्यवस्थित व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए की गई थी।जिससे क्षेत्रीय जनता इस डाकघर का पूर्ण लाभ प्राप्त कर सके।परंतु संतोष सारस्वत बिजली के अभाव व कंप्यूटर की कनैक्टिविटी न होने के कारण कार्य कर पाने में असमर्थ हैं। इस डाकघर में बिजली के लिए जनरेटर या इनवर्टर आदि की भी कैसी भी कोई व्यवस्था नहीं है।जिसके चलते बिजली न होने पर डाकघर में घोर अंधेरा छा जाता है।साथ ही इस अत्यंत पुराने जीर्ण-शीर्ण भवन में डाकघर के कर्मचारियों व ग्राहकों का इसमें बैठना अत्यन्त दूभर हो जाता है।
डॉ. गोपाल चतुर्वेदी ने मथुरा जिला के हैड पोस्ट मास्टर व डाकघर के अन्य उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर इस संबंध में उचित कार्यवाही करने की मांग की है।उन्होंने यह अनुरोध किया है कि वृन्दावन के लोई बाजार स्थित डाकघर में कंप्यूटर की कनैक्टिविटी प्रतिदिन सुनिश्चित रूप से उपलब्ध कराई जाए।साथ ही यहां पर निरन्तर बिजली उपलब्ध रहने हेतु जनरेटर अथवा इनवर्टर स्थापित किया जाए।जिससे क्षेत्रीय जनता को राहत मिल सके।





















This Month : 1238
This Year : 32443
Add Comment