वृन्दावन। बाँके बिहारी कॉलोनी स्थित ठाकुर कौशल किशोर राम मंदिर में अखिल भारतीय श्रीराम मित्र मंडल के द्वारा आयोजित 9 दिवसीय श्रीराम दिव्य जन्म महोत्सव में रामनवमी के पावन पर्व पर भगवान श्रीराम का दिव्य जन्म महोत्सव अत्यंत श्रद्धा व धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। प्रातः काल ठाकुर जी की प्रतिमा का पंचामृत से वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य अभिषेक व पूजन-अर्चन किया गया। भगवान श्रीराम के जन्म समय दोपहर12 बजे उनकी दिव्य व भव्य महा आरती की गई। साथ ही मेवा-मिष्ठान-फल-वस्त्र-खिलौने-रुपये-बर्तन आदि लुटाये गए। ततपश्चात संगीतमय बधाई गायन का आयोजन किया गया। जिसमें कई नामी-गिरामी भजन गायकों व संगीतज्ञों ने भाग लिया।
साथ ही भगवान श्रीराम की जन्म की लीला का मंचन श्री आदर्श रामलीला मण्डल के कलाकारों द्वारा किया गया। यह मंचन अत्यंत नयनाभिराम व चित्ताकर्षक था।
अखिल भारतीय श्रीराम मित्र मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत आचार्य रामदेव चतुर्वेदी व संयोजक श्रीमती कुंजलता चतुर्वेदी ने कहा कि ठाकुर श्री कौशल किशोर राम मंदिर में भगवान श्रीराम का यह दिव्य जन्म महोत्सव पिछले 48 वर्षों से निरन्तर आयोजित किया जाता रहा है।
महोत्सव के समन्वयक डॉ. गोपाल चतुर्वेदी ने कहा कि ठाकुर कौशल किशोर राम मन्दिर रामलीला चक्रवर्ती स्वर्गीय गोविंदराम चतुर्वेदी (दादा जी महाराज) की भजन व साधना स्थली है। उन्होंने इस स्थान पर रहकर भगवान श्रीराम की अद्भुत व विकट साधना की।इसलिए इस स्थान का कण-कण राममय है।
इस अवसर पर आचार्य लवदेव चतुर्वेदी, आचार्य कुशदेव चतुर्वेदी, राधाकांत शर्मा, संगीतज्ञ शंभूशरण,गुरुशरण , सर्वेश चतुर्वेदी, मयंक देव, सूरज देव, अरविंद, तुलसी स्वामी,चन्दन स्वामी, सन्त सेवानन्द ब्रह्मचारी, महंत सन्तोष मुनि, राकेश, सुनील आदि की उपस्थिति विशेष रही।
महोत्सव का संचालन डॉ. गोपाल चतुर्वेदी ने किया।






















This Month : 495
This Year : 31700
Add Comment